कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के शांती कोल्ड स्टोरेज में एक युवक का शव लहुलुहान अवस्था में मिला। परिजनों का आरोप है कि युवक की जान कोल्ड स्टोरेज स्वामी से झगड़े के दौरान गई है।
अलीगढ़ के भांकरी अहवासी निवासी अशोक कुमार ने कोतवाली हाथरस जंक्शन में तहरीर दी है। आरोप है कि उनका बेटा देवेंद्र कुमार उर्फ देवा शांती कोल्ड स्टोरेज में रात्रि ड्यूटी करता था। देवा के साथ में विजेंद्र निवासी रतशोई थाना गंगीरी, अलीगढ़ भी रात्रि ड्यूटी करता है। सुबह सात बजे घर पर बेटे के लिए सूखा दूध पाउडर लाने के लिए फोन आया।
वहीं भांजे पंकज को कोल्ड स्टोरेज के स्वामी से झगड़ा होने की सूचना दी गई। परिजन जब कोल्ड स्टोरेज पहुंचे तो देवा मृत अवस्था में पड़ा मिला। शव को कंबल से ढक दिया गया था। कंबल हटाकर देखा तो शरीर पर चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।