विश्व रक्तदान दिवस पर उजाला फाउंडेशन व मानव कल्याण संस्था बुधवार को बागला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन कर रही है। इसमें आप रक्तदान कर किसी की जान बचा सकते हैं।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ सुबह 8.30 बजे से किया जाएगा। इसे लेकर सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है।इस आयोजन को लेकर मंगलवार को शहर के एक कोचिंग सेंटर में छात्र-छात्राओं को रक्तदान के बारे में जागरूक किया गया। इस मौके पर मानव कल्याण संस्था के संस्थापक राजीव वार्षेण्य ने बताया कि हम रक्त की पूर्ति किसी अन्य रूप में नहीं कर सकते हैं। कई लोगों की मृत्यु समय पर रक्त नहीं मिलने से हो जाती है। ऐसे में आपका यह रक्तदान ऐसे लोगों की जान बचा सकता है। 18 वर्ष से 60 वर्ष तक का स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदान महादान, रक्तदान जीवनदान। रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। विश्व रक्तदाता दिवस 14 जून को संकल्प लें कि रक्त के भाव में किसी की मृत्यु नहीं होने देंगे।
इस मौके पर डॉ. अंकुल मित्तल ने बताया कि लीवर सही रहता है एवं अन्य कई बीमारियों के होने का खतरा कम रहता है। हमारे द्वारा किए गए रक्तदान से किसी बीमार, दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। हार्ट अटैक की संभावना कम रहती है। कैंसर की संभावना भी कम होती है। उच्च रक्तचाप नियंत्रित रहता है और स्किन एलर्जी में भी लाभ मिलता है। शरीर में स्फूर्ति , पुराना ब्लड निकल कर नया ब्लड बनने से ब्लड साफ रहता है। जिला ब्लड बैंक के जिला काउंसलर अरुण सूर्या का कहना है कि रक्तदान करने से न केवल शरीर को लाभ मिलता है, बल्कि मानसिक संतुष्टि भी मिलती है। रक्तदान एक बेहद पुण्य का काम है।