संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
विकास भवन स्थित सीडीओ कक्ष में सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र ने मनरेगा के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सीडीओ ने ब्लॉक सहपऊ में मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों लापरवाही बरतने के मामले में एपीओ सहपऊ को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में कार्यों की प्रगति में सुधार न आने पर विभागीय कार्रवाई की जाए।
मनरेगा के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवर, कायाकल्प, व अन्य कार्य चल रहे हैं। इन कार्यों में मजदूरों का प्रयोग करने की समीक्षा की गई। इसमें पाया गया कि मनरेगा के तहत वर्तमान कार्यों में लेबर को कम लगाया जा रहा है, जिसके कारण कार्य लंबे समय में पूरा हो पा रहा है।
सीडीओ ने 100 अमृत सरोवरों को नवंबर के अंत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक वार मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। सीडीओ ने कहा कि मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों को अतिरिक्त मजदूर लगाकर निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए।