सादाबाद। किसान यूनियन ने तहसील दिवस में धरना देकर निरोत्तम सिंह के नेतृत्व मे जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अतिवृष्टि से पीड़ित वंचित किसानों को मुआवजा दिलाने, बिजली विभाग द्वारा किसानो एवं ग्रामीणों को अनाप-शनाप धनराशि के भेजे जा रहे बिलों को ठीक कराकर उनकी राशि कम करने तथा नहर, बम्बों में पानी न आने, फसलों की सिचांई हेतु विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की। ग्राम धानौटी निवासी चोबसिंह पहलवान आदि ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थनापत्र मे कहा कि ग्राम धानौटी, नगला बुर्ज, नगला फत्ता, नगला महेरिया, गुमानी गढ़ी सहित कई गांवो के किसान हाथरस जिले के निवासी हैं। इन किसानों की सहकारी समिति मथुरा जिले के रदोई गांव में है। वहां पर हाथरस जिले के किसानों का शोषण होता है और गांवो से रदोई की दूरी भी लगभग आठ किमी है। इसलिए ग्राम धानौटी में क्षेत्र के किसानों के हित में सहकारी समिति का गोदाम बनवाया जाए, जिससे वहां से किसान खाद प्राप्त कर सकें। जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए संबधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि धानौटी मे शीघ्र ही गोदाम बनवाया जाए। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के विसाबर के नगर अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह एवं जगमोहन चौधरी आदि ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थनापत्र मे कहा कि कस्बा विसाबर एवं नगला छत्ती में बाजार के मध्य में काफी बडे़ तालाब हैं और ग्राम समाज की भूमि भी है जिस पर दबंग व्यक्तियों द्वारा अनाधिकृत रूप से कब्जा कर रखा है। तालाबों पर अनाधिकृत कब्जे के कारण कस्बे व गांवो का पानी बाजारों मे भर जाता है। दोनों ही तालाबों को शीघ्र कब्जा मुक्त कर उनकी सफाई करायी जाए ताकि विसाबर व नगला छत्ती का गंदा पानी तालाबों मे जा सके। बार एसोशिएसन के अध्यक्ष रामेश्वर सिंह जैसवाल के नेतृत्व मे वकीलों का प्रतिनिधि मण्डल तहसील दिवस मे जिलाधिकारी से मिला और एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में उपजिलाधिकारी कार्यालय एवं तहसील कार्यालय प्रांगण में वकालात कर रहे अधिवक्ताओं के लिए बैठने हेतु चैम्बरों का निर्माण कराये जाने की मांग की। ---------------