हाथरस में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के नए जिलाध्यक्ष की घोषणा को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक आलाकमान किसी भी वक्त नए जिलाध्यक्ष के नाम का एलान कर सकता है। सभी की निगाहें फिलहाल आलाकमान की घोषणा पर टिकी हैं।
भाजपा के वर्तमान जिलाध्यक्ष गौरव आर्य के कार्यकाल को पांच वर्ष पूरे हो चुके हैं। लंबे समय से संगठन में जिलाध्यक्ष पद पर फेरबदल की चर्चाएं चल रही हैं। इसे लेकर पिछले दिनों भाजपा के पर्यवेक्षक सुरेंद्र नागर भी जिले के दौरे पर आए थे। उन्होंने जिले के पदाधिकरियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर भाजपा जिलाध्यक्ष के दावेदारों को लेकर चर्चा की थी।
यहां जिलाध्यक्ष पद के लिए भाजपा के पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ताओं ने आवेदन किया था। इनकी संख्या लगभग 50 है। इसमें कई दिग्गज भी शामिल हैं। उन्होंने अपनी रिपोर्ट आलाकमान को सौंप दी थी। अब भाजपा आलाकमान किसी भी समय हाथरस के जिलाध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकता है। इस पर भाजपा के पदाधिकारियों से लेकर कार्यकताओं तक की निगाहें टिकी हैं।
दावेदार व उनके समर्थक प्रदेश की राजधानी लखनऊ और देश की राजधानी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं, जिससे वह अपने नेता को जिलाध्यक्ष बनवा सकें। यहीं नहीं समर्थक अपने नेता को जिलाध्यक्ष बनवाने के लिए सोशल मीडिया पर सक्रिय दिखाई दे रहे हैं और अपने नेता को जिलाध्यक्ष बनाने के लिए भरसक प्रयास कर रहे हैं।