आंबेडकर तिराहे से बृहस्पतिवार की रात को बालाजी फिलिंग स्टेशन के स्वामी शरद गुप्ता का मोबाइल फोन बाइक सवार दो युवक उस समय झपट ले गए, जब वह अपने घर की तरफ जा रहे थे। कोतवाली में इस संबंध में तहरीर दे दी गई। रात्रि में ही मोबाइल की लोकेशन एटा जिले के गांव निधौली कलां के एक खेत के नलकूप की कोठरी पर मिली। शुक्रवार की सुबह शरद गुप्ता वहां गए तो कोठरी से दो युवक उनकी तरफ मोबाइल फोन फेंककर बाइक से फरार हो गए।
शरद रोजाना तरह पेट्रोल पंप से बाइक से रात्रि साढ़े आठ बजे घर आ रहे थे। कोतवाली के सामने जैसे ही वह मोहल्ला नौरंगाबाद स्थित अपने घर की तरफ मुड़े, तभी एकाएक बाइक पर सवार दो युवक वहां आए और झपट्टा मारकर उनकी शर्ट की ऊपर की जेब में रखे मोबाइल फोन को निकाल लिया और रेलवे स्टेशन की तरफ तेजी से भाग गए। शरद ने बाइक से उनका पीछा भी किया, लेकिन वह रेलवे स्टेशन से निकलने के बाद उनकी आंखों से ओझल हो गए। शरद ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। रात में ही उन्होंने मोबाइल फोन की लोकेशन पता करना शुरू कर दिया। संवाद