मेला श्री दाऊजी महाराज के पंडाल में बृहस्पतिवार की रात को जिला प्रशासन की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन सम्राट अनूप जलोटा ने भजनों की प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने भजनों के साथ गजलों की भी प्रस्तुति दी।
उद्घाटन सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राना, भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, डीएम अर्चना वर्मा, एडीएम बसंत अग्रवाल, एसडीएम रविंद्र कुमार, जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अतुल आंधीवाल ने संयुक्त रूप से किया।
संचालन महिला कल्याण अधिकारी मोनिका गौतम व जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी चतुर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। भजन संध्या की शुरुआत अनूप जलोटा ने अपने सबसे पसंदीदा भजन ऐसी लागी लगन मीरा हो गई मगन, वो तो गली गली हरि गुण गाने लगी, सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उन्होंने अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम, भजन सुनाया। उन्होंने माहौल को कुछ बदलते हुए मैं शायर तो नहीं, जीना यहां मरना यहां इसके सिवा जाना कहां, गीतों को भजन के रूप में पेश किया। जलोटा ने राम नाम के हीरे मोती सहित कई राम भजन प्रस्तुत किए। जलोटा ने अपनी लखनऊ की टीम के सहायक गायक ओमकार शंखधर, तबला वादक सुभाष शर्मा, गिटार वादक राकेश व की बोर्ड वादक गुंजन के साथ गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो, श्याम पिया मोरी रंग दे चुनरिया जैसे भजन गाए।