विद्यालय समय में स्वजातीय शिक्षकों के साथ बैठक कर उन्हें सरकार के खिलाफ भड़काने के आरोपों में घिरीं बीईओ सादाबाद को सहायक शिक्षा निदेशक ने निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) से संबद्ध किया है। मामले की जांच मंडलीय उप शिक्षा निदेशक मुरादाबाद को सौंपी गई है। इस मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की थी। सहायक शिक्षा निदेशक डॉ. ब्रजेश मिश्र की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. विनोद उपाध्याय के 11 मई व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय के एक फरवरी को मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र से संज्ञान में आया है कि विकास खंड सहपऊ की तत्कालीन बीईओ पूनम चौधरी ने विद्यालय समय में बिना किसी उच्चाधिकारी की अनुमति के सादाबाद-सलेमपुर मार्ग स्थित आरएस गार्डन में स्वजातीय शिक्षकों व शिक्षामित्रों को बुलाकर एक गोपनीय बैठक की। इस बैठक में सरकार के खिलाफ भड़काने का कार्य किया जा रहा था। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बैठक की सूचना फोन से डीएम को दी थी। डीएम के आदेश पर सादाबाद के एसडीएम व तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के पहुंचने पर वहां मौजूद शिक्षक व शिक्षामित्र इधर-भागने लगे। अपर शिक्षा निदेशक ने बीईओ पूनम चौधरी को निलंबित कर दिया है। अपर शिक्षा निदेशक ने बीईओ को निलंबित करते हुए बीएसए को उनके खिलाफ आरोपपत्र साक्ष्यों सहित अविलंब निदेशालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में जांच अधिकारी मंडलीय उपशिक्षा निदेशक मुरादाबाद को भी पत्र भेजकर सूचित कर दिया गया है।