पुलिस अभिरक्षा में खड़ा बबलू का हत्यारोपी। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
उधारी के पैसे न चुकाने पड़े इसलिए आरोपियों ने ग्राम नगला बीरबल निवासी बबलू की हत्या की थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी सहित एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
आठ फरवरी को कन्या गुरुकुल के पीछे बबलू पुत्र रघुवीर सिंह निवासी ग्राम नगला बीरबल का शव उनकी कार में पड़ा मिला था। मामले में मृतक की पत्नी ने थाने में तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने बताया कि गांव के ही हत्यारोपी भूपेंद्र उर्फ भूपे पुत्र तेज सिंह व एक बाल अपचारी निवासी नगला बीरबल ने करीब चार-पांच वर्ष पूर्व उनका परिवार तथा मृतक बबलू का परिवार गुजरात में एक फैक्टरी में काम करते थे।
अभियुक्त भूपेंद्र उर्फ भूपे ने बताया कि उसने मृतक बबलू से एक लाख रुपये ब्याज पर उधार लिया था। उधार ना वापस करना पड़े इसलिए अभियुक्तों ने योजनाबद्ध तरीके से बबलू को शराब पिलाने की कहकर कन्या गुरुकुल के पीछे खाली जगह पर ले गए। यहां बबलू की हत्या कर दी थी और शव को वहीं फेंक कर भाग आए थे।
हत्यारोपी के कब्जे से पुलिस को एक छुरा, गाड़ी की नंबर प्लेट बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी व बाल अपचारी को न्यायालय में पेश किया है। यहां से आरोपी को जेल व बाल अपचारी को मथुरा बाल सुधार गृह भेजा गया है।