अक्रूर इंटर कॉलेज में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की अंकतालिका में त्रुटियों को सुधारने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा लगाए जा रहे तीन दिवसीय शिविर का बुधवार को समापन हुआ। शिविर में तीन दिन में 295 लोगों ने अपनी अंकतालिका में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन दिए। आवेदकों ने अपनी अंकतालिका में नाम, जन्मतिथि, माता-पिता के नाम के गलतियों को सुधारने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में अंकतालिका में त्रुटियों को दूर करने के लिए विद्यार्थियों को माध्यमिक शिक्षा परिषद के मेरठ कार्यालयों पर चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी समय विद्यार्थियों को अगली कक्षा या विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया के लिए दस्तावेज जमा करने होते थे।
अंकतालिका में त्रुटि होने से उसे सही कराने के लिए विद्यार्थियों को शिक्षा परिषद के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इस बार जिले में पहली बार माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से तीन दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया है। तीन दिवसीय इस शिविर का आयोजन अक्रूर इंटर कॉलेज में किया गया है। इस शिविर में वर्ष 1984 के बाद से अब तक मार्कशीट में आई त्रुटियों को सुधारने के लिए आवेदन लिए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि सभी आवेदनों पर जल्द ही कार्यवाही कर अंकतालिकाओं को सही कराया जाएगा। संवाद