एक कहावत है कि पुलिस के हाथ लंबे होते हैं, लेकिन चालान काटने के मामले में उसके हाथ हद से ज्यादा लंबे हो गए हैं, तभी तो अलीगढ़ की मोटरसाइकिल का चालान करीब 327 किलोमीटर दूर झांसी जिले की यातायात पुलिस ने काट दिया। जो चालान पत्र मोटरसाइकिल के पास भेजा गया है, उसमें चार पहिया की तस्वीर है।
31 मई 2023 को सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर 173/5, जेल चौराहा, सिविल लाइंस, झांसी, उत्तर प्रदेश पर झांसी की यातायात पुलिस ने बुलट मोटरसाइकिल का चालान काट दिया। चालान में नंबर प्लेट को दोषपूर्ण बताया गया है। इस मोटरसाइकिल का पंजीकरण आरटीओ अलीगढ़ में है। उसके स्वामी मोहम्मद रफीक हैं, जो धौर्रा माफी अलीगढ़ के निवासी हैं।
रफीक मोटरसाइकिल के चालान विवरण को मोबाइल एप पर चेक कर रहे थे। इस दौरान पता चला कि एक साल पहले ही उनकी मोटरसाइकिल का चालान कट चुका है। उन्हें हैरत तब हुई, जब यह चालान अलीगढ़ में नहीं, बल्कि झांसी में कटा है। रफीक ने कहा कि जो चालान पत्र है, उसमें चार पहिया वाहन की तस्वीर है। वह अपनी जिंदगी में कभी झांसी नहीं गए हैं और न ही उनकी मोटरसाइकिल को कोई अन्य व्यक्ति झांसी लेकर गया है।
इसके बावजूद उनकी मोटरसाइकिल का यातायात नियमों के उल्लंघन पर पांच हजार रुपये का चालान कट गया। इसके बाद रफीक ने क्षेत्राधिकारी, यातायात झांसी को रजिस्ट्री पत्र भेजकर पांच हजार रुपये के चालान को निरस्त करने का अनुरोध किया है।