सासनी के केएल जैन इंटर कॉलेज में 15वीं मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मैच में बुधवार को अलीगढ़ और हाथरस की टीमों में भिड़ंत होगी। पहले दिन के मुकाबलों में दोनों टीमों ने क्रमश: कासगंज और एटा की टीमों को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई है।
माध्यमिक विद्यालयों की 15वीं मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता (19 वर्षीय बालक) का आयोजन किया गया। शुभारंभ उप शिक्षा निदेशक अलीगढ़ मंडल डाॅ. विनय कुमार गिल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। पहला मैच कासगंज एवं अलीगढ़ की टीम की बीच हुआ। निर्धारित 20-20 ओवर के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अलीगढ़ की टीम ने कासगंज की टीम को 128 रन का लक्ष्य दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कासगंज की टीम 16 ओवर में ऑलआउट होकर 97 रन ही बना सकी। अलीगढ़ की टीम के लिए कप्तान प्रिंस विमल ने 66 रनों का योगदान दिया, जबकि मनीष व विवेक ने दो-दो विकेट झटके।
कासगंज की टीम के शाकिब ने 33 रनों का योगदान दिया, जबकि विवेक ने तीन विकेट झटके। दूसरा मैच हाथरस एवं एटा के बीच हुआ निर्धारित 12-12 ओवर के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एटा की टीम ने हाथरस की टीम को 64 रनों का लक्ष्य दिया। इसका पीछा करने उतरी हाथरस की टीम ने नौवें ओवर में पांच विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
एटा की टीम के लिए अंकित ने 18 रनों का योगदान दिया, जबकि विकास ने तीन विकेट झटके। संचालन जिला खेल सचिव माध्यमिक शिक्षा अतुल कुमार वर्मा एवं मंडलीय खेल सचिव करुण प्रकाश शर्मा ने किया। अंपायर की भूमिका में प्रवीन उपाध्याय, गौरव पचौरी एवं सचिन शर्मा रहे। डॉ. राजीव अग्रवाल, डॉ. राजीव गुप्त, दिनेश सेंगर, उमा सिंह, डॉ. नीरज गोयल, प्रमोद कौशिक सहित अनेक प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। अन्य जनपदों से दिग्विजय सिंह, ईश्वर दास वर्मा, राजेश गुप्ता, राशिद हुसैन आदि उपस्थित रहे।