संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिलाधिकारी (डीएम) रमेश रंजन ने मंगलवार को लीगेसी वेस्ट बायो माइनिंग के तहत जलेसर रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड में एकत्रित कूड़े के प्रबंधन कार्य का निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि संस्था द्वारा निर्धारित समय अवधि में कार्य नहीं किया जाता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें और भुगतान में कटौती करें।
डीपीएम मनीष कुमार ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया लखनऊ मुख्यालय से की गई थी। इसमें कार्यदायी संस्था द्वारा लगभग 77184 मीट्रिक टन कूड़े के प्रबंधन का कार्य किया जाना था। प्रबंधन का कार्य 10 मई 2022 को शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब तक लगभग 70 हजार एमटी कूड़े के प्रबंधन का कार्य किया जा चुका है। इसके सापेक्ष संस्था द्वारा 33 हजार एमटी कूड़े प्रबंधन का बिल भुगतान के लिए प्रस्तुत किए गए हैं।
डीएम ने कार्यदायी संस्था को कूड़ा प्रबंधन कार्य में तेजी लाने एवं प्रबंधन के उपरांत रिक्त भूमि को समतल करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को डंपिंग ग्राउंड के आसपास की भूमि की पैमाइश कराते हुए सीमा निर्धारित करने एवं पार्क बनाए जाने के लिए कार्य योजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभारी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को संबंधित कार्यदायी संस्था को संपूर्ण कार्य का प्रत्येक सप्ताह कार्य विभाजन करते हुए कार्य करवाने एवं प्रगति रिपोर्ट समय समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।