कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेतीं डीएम। संवाद
- फोटो : samvad
विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा की। डीएम ने एक जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लापरवाही एवं प्रगति खराब होने पर संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को नगरीय क्षेत्र और जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्र में फॉगिंग कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। कहीं भी जलभराव की समस्या नहीं होनी चाहिए और कूड़े के ढेर एकत्रित नहींं होने चाहिए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचारी रोग नियंत्रण के लिए तैनात की गई टीमों को भ्रमण के दौरान आम जनमानस को संचारी रोगों से बचाव के संबंध में जागरूक करने और छतों, कूलरों एवं मिटटी के गमलों में पानी एकत्र न होने के भी संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए। संवाद