संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
अलीगढ़ एनएच-91 बाईपास से एटा रोड तक टूटी सड़क की मरम्मत नहीं कराने पर स्थानीय प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया है। एसडीएम ने तत्काल मरम्मत नहीं कराने पर एनएच अथॉरिटी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इधर, एसडीएम वेद सिंह चौहान के निर्देश पर नगरपालिका ने सड़कों पर पानी स्प्रे कराना चालू कर दिया है।
एसडीएम ने एनएच अथॉरिटी को बताया कि गांव सराय बाईपास से लेकर एटा रेलवे फाटक तक सड़क बुुरी तरह टूट गई है। टूटी सड़क से उठ रहे धूल के गुबार के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण वाहन गड्ढों में फंसकर खराब हो रहे हैं।
इससे जाम के हालात पैदा हो रहे हैं। इससे जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क की मरम्मत करा कर कर चलने योग्य नहीं बनाया गया तो धारा 133 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की जाएगी। इधर एसडीएम ने नगरपालिका को निर्देशित किया है कि पूरी टूटी सड़क पर पालिका के टैंकरों से पानी छिड़कवाया जाए ताकि लोगों को धूल से राहत मिल सके।