बागला जिला अस्पताल में मेडिकल रिपोर्ट बनवाने के नाम पर पांच हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आईजीआरएस पोर्टल व सीएमएस को व्यक्तिगत तौर शिकायत दर्ज कराई है। सीएमएस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
तरफरा निवासी विमल कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी पर मेडिकल रिपोर्ट बनाने के नाम पर पांच हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। विमल कुमार ने बताया कि उसके भाई का किसी के साथ विवाद हो गया था। इस दौरान उन लोगों ने उसके भाई के साथ मारपीट कर दी थी। उसके भाई के सात टांके लगे।
जब वह अपने भाई को उपचार के लिए बागला जिला अस्पताल लाया तो वहां तैनात एक कर्मचारी ने सही रिपोर्ट बनाने के एवज में पांच हजार रुपये की मांग की। विमल कुमार ने इस कर्मचारी को पांच हजार रुपये दे दिए। इसके बावजूद इस कर्मचारी ने रिपोर्ट में विमल कुमार के भाई को सामान्य दिखाकर गलत रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी। विमल कुमार का आरोप है कि इस व्यक्ति ने विपक्षियों से ज्यादा रुपये लेकर रिपोर्ट में हेराफेरी कर दी। सीएमएस डाॅ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि मामले की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल से भी प्राप्त हुई है। जांच कराई जा रही है।स ंवाद