अलीगढ़ (ब्यूरो)। पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रकाश डी ने बुधवार को मासिक समीक्षा में रेंज में अपराध बढ़ने पर नाराजगी जताई। समीक्षा में पाया गया कि अलीगढ़ में हत्या और वाहन चोरी, एटा में बल्वा व चोरी, हाथरस में चोरी, कासगंज में हत्या व बल्वे की घटनाएं बढ़ी हैं। इस पर चारों जिलों के कप्तानों को सख्त हिदायत देते हुए सुधार के निर्देश दिए और साथ में साफ शब्दों में कहा कि जो थानेदार काम नहीं कर रहे हैं, उन्हें तत्काल हटा दिया जाए। रेंज मुख्यालय पर हुई मीटिंग में डीआईजी ने उन चार पुलिस उपाधीक्षकों के खिलाफ चल रही जांचों को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। जो अपने दौरे के वक्त डीजीपी स्तर से बैठाई गई थीं। इन जांचों को प्रत्येक जनपद के अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। इसके अलावा डीजीपी के निर्देश पर पुराने प्रकरण निपटाने, अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, सिस्टम में सुधार आदि पर चल रहे अभियान पर चर्चा करते हुए कहा कि इस माह के अंत तक अभियान चलाकर उन निर्देशों को पूरा किया जाए। इसके अलावा बताया गया कि थानों के रख रखाव आदि के लिए कुछ बजट मंजूर हुआ है, उसे जल्द से जल्द प्रयोग में लेकर निर्माण व मरम्मत आदि का निर्माण पूरा कराया जाए। इस दौरान थानों में सुनवाई न होने, सड़क पर छिनैती, लूट, कानून व्यवस्था पर नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश दिए। इस मौके पर एसएसपी पीयूष मोर्डिया, एसपी हाथरस हैप्पी गुप्तन, एसएसपी एटा, एसपी कासगंज मौजूद रहे।