हाथरस/सासनी। अपनी लापरवाही के कारण पुलिस की खूब किरकिरी हुई। दुष्कर्म के आरोप में पकड़े गए एक युवक ने पुलिस को अपना नाम-पता फर्जी बता दिया और पुलिस ने भी बिना तस्दीक कराए उसे कोर्ट में पेश कर दिया, जहां उसे जेल भेज दिया। अब जब पुलिस को सच्चाई पता चली तो पुलिस ने उसके खिलाफ नए सिरे से धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। 29 अप्रैल की रात सासनी के गांव महमूदपुर बरसै में 6 वर्ष की एक बच्ची के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया था। ग्रामीणों ने इस युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने जब उससे उसका नाम-पता पूछा तो उसने पुलिस को अपना नाम अनिल पुत्र हरी सिंह निवासी नगला अलगर्जी बताया। पुलिस ने इसी नाम के आधार पर उसका चालान कर कोर्ट में पेश कर दिया और वहां से उसे जेल दिया गया। पुलिस ने उसका पता तस्दीक कराना उचित नहीं समझा। अब पुलिस को कुछ लोगों ने यह जानकारी दी कि जेल में बंद उक्त युवक अनिल नहीं, बल्कि अमित है। उसका असली नाम तो अमित पुत्र सुखवीर निवासी लालगढ़ी है। इस पर पुलिस सकते में पड़ गई। आनन-फानन पुलिस ने जब तस्दीक किया तो पाया कि इस युवक ने पहले अपना नाम-पता गलत बताया था। अब जेल में बंद इस युवक के खिलाफ पुलिस धोखाधड़ी का मुकदमा कायम करने की तैयारी कर रही है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि इस युवक ने गलत नाम-पता बताया था। अब उसके खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।