सिकंदराराऊ। कोतवाली के ग्राम बरतर खास निवासी बाइक सवार युवक की बुधवार शाम ईदगाह मोड़ के सामने ट्रक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिवार के लोगों ने रोड जाम कर दिया तथा आते जाते वाहनों पर पथराव किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जाम खुलवा दिया। दुर्घटना के पश्चात चालक ट्रक को छोड़ कर भाग गया। बता दें कि गांव निवासी युवक छोटे पुत्र सत्यभान सिंह (20) सांय पांच बजे ईदगाह रोड की दुकान से खल-चुनी की बोरी लाद बाइक से गांव जा रहा था। ईदगाह मोड़ के सामने बाइक को ट्रक ने रौंद दिया। इससे छोटे ट्रक के नीचे आ गया तथा सिर में गम्भीर चोटें आई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गांव में सूचना मिलते ही मृतक के परिजन तथा गांव के तमाम लोग आ गए। युवक की लाश देखते ही उनमें रोष व्याप्त हो गया तथा सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जल्दी ही जाम खुलवा दिया। लेकिन ग्रामीणों ने कुछ देर बाद फिर जाम लगा दिया और वाहनों पर पथराव किया। किसी तरह से पुलिस ने पुन: जाम खुलवाया तथा शव को लेकर सीएचसी ले जाया गया। सीएचसी में पंचनामा भरा गया। दुर्घटना के पश्चात ट्रक चालक ट्रक घटनास्थल पर छोड़ कर भाग गया। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी की जा रही थी।