हाथरस। हर साल की तरह इस साल भी हजरत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत-इमाम हुसैन की शहादत की याद में रविवार से मोहर्रम शुरू हो गए। मोहर्रम के लिए मुस्लिम बस्तियों में तैयारियां जारी रहीं। पहले दिन किला स्थित इमामबाडे़ में मजलिसें पढ़ी गईं। ऑल इंडिया शिया सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. एसजी हसन ने बताया कि 1 नवंबर को किला गेट से शाम 4 बजे जुलूस मातमी निकलकर मेंडू गेट इमामवाड़ा पुलिस चौकी मेंडू गेट पर खत्म होगा। 2 नवंबर को शाम 4 बजे मातमी दस्ता अलम के साथ नौहा मातम करते हुए चक्की बाजार, मेंडू गेट पुलिस चौकी होते हुए पीली कोठी, पंजाबी मार्केट, रमनपुर की सराय, मधुगढ़ी, लाला का नगला, सादाबाद गेट व चामड़ गेट गश्त करता हुआ किला गेट पर समाप्त होगा। 3 नवंबर को शाम 4 बजे मातमी जुलूस 2 नवंबर की तरह गश्त करता हुआ किला गेट पर समाप्त होगा। 4 नवंबर को शाम 3 बजे किला गेट से मातमी दस्ता अलम ताजिया के साथ सीनाजनी, जंजीर का मातम करता हुआ नयागंज, घंटाघर, मुरसान गेट होते हुए करबला पर जाकर ताजिया दफन करने के बाद खत्म होगा। 6 नवंबर को रात 8 बजे किला गेट बिजलीघर पर अनजुमने हैदरी किला खाई गेट द्वारा आग का मातम किया जाएगा, जिसमें काफी मजमा इकट्ठा होगा। पुलिस प्रशासन से भी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है।