हाथरस। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा केंद्र बनवाने की प्रक्रिया आगामी दिनों में शुरू होगी। इसके चलते दिवाली के मौके पर जिला परीक्षा समिति से जुडे़ लोगों पर माफिया के गिफ्ट पहुंचने लगे, ताकि यह गिफ्ट बोर्ड परीक्षा केंद्र बनवाने में काम आ सकें। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा माह मार्च में होना तय हो गया है। इसके लिए जिला परीक्षा समिति द्वारा जनवरी माह में ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर अपनी रिपोर्ट मंडलीय शिक्षा समिति को भेजी जाएगी। इस रिपोर्ट को तैयार होने से पहले जिला परीक्षा समिति द्वारा परिषद के मानक के अनुरूप परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए परिषद के मानकों की जांच की जाएगी। इसमें शिक्षा विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त रिपोर्ट भी जिला परीक्षा समिति द्वारा मांगी जाती है, जिससे परिषद के मानक के अनुरूप विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया जा सके। इसके लिए वित्तविहीन स्कूल संचालकों ने अभी से अपने मतलब के अधिकारियों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। इस क्रम में ही दिवाली की बधाई के साथ गिफ्ट भी जिला परीक्षा समिति से जुडे़ लोगों को पहुंचाए जा रहे हैं।