हाथरस। सदर तहसील की ध्वस्त प्रशासनिक व्यवस्थाओं के विरोध में मंगलवार को तहसील दिवस के मौके पर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तहसील के कामकाजों में सुधार की अपील की। अधिवक्ताओं ने कहा कि हाथरस जिले के सबसे महत्वपूर्ण तहसील है। यहां पर दो नायब तहसीलदारों के पद हैं, किंतु तहसील में एक भी नायब तहसीलदार की तैनाती नहीं है। इस समस्या के कारण तहसील में निर्विवाद विरासत तक दर्ज नहीं हो पा रही है। आम आदमी काफी परेशान है। युवा वर्ग को प्रमाण पत्रों पर लेखपाल और अधिकारियों की रिपोर्ट नहीं लगने के कारण मूल निवास, जाति, आय आदि प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। इसके साथ ही तहसील में न्यायालयों का संचालन नहीं हो रहा है। इसके कारण वादकारियों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अधिवक्ता आंदोलन चलाने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन करने वालों में बार के अध्यक्ष पीड़ी गौड़, भूपेंद्र शर्मा, सुदर्शन शर्मा, अवधेश शर्मा, जोधपाल सिंह, शशांक पचौरी आदि अनेक अधिवक्ता थे।