हाथरस। एक महिला किराएदार मकान मालिक को किराया दिलाने का झांसा देकर मुरैना ले गई और वहां कुछ लोगों की मदद से उसे वहीं कै द रखा। मकान मालिक तो वहां से जैसे-तैसे मुक्त हो आया, लेकिन उसकी सात साल की बच्ची अभी भी वहीं कैद में है। वह अपना दुखड़ा लेकर यहां थाना हाथरस गेट पहुंचा। हालांकि अभी पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। स्थानीय कुंवरजी की मढै़या में एक परिवार काफी समय से किराये पर रहता था। कुछ माह पहले उस परिवार का मुखिया घर से चला गया। यह लोग मूल रूप से मुरैना के निवासी थे। घर पर उसकी पत्नी रह गई। मकान मालिक का आरोप है कि जब उसने किराएदार महिला पर जोर डाला कि वह किराया दे तो वह उसे झांसे में लेकर मुरैना ले गई। यह मकान मालिक अपनी बच्ची को भी अपने साथ ले गया था। आरोप है कि वहां इस महिला ने किराये के बदले अपने अन्य सहयोगियों की मदद से उसे कैद करा दिया और पूरे दिन तक कमरे में बंद कर जमकर पिटवाया। जैसे-तैसे वह 26 सितंबर को वहां से जान बचाकर भाग आया, लेकिन उसकी बच्ची इन्हीं की कैद में रही। मकान मालिक अपनी बच्ची के लिए अब दर-दर भटक रहा है। उसने इस मामले की जानकारी थाना हाथरस गेट पुलिस को भी दी है। वैसे पुलिस अभी तक घटना से अनभिज्ञ है।