हाथरस। सीबीएसई बोर्ड के क्लस्टर तृतीय की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन मेरठ में हुआ। इसमें आरपीएम पब्लिक स्कूल हाथरस के युवाओं ने एक गोल्ड और दो कांस्य पदक जीतकर प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता की 400 मीटर दौड़ में गोल्ड पदक विजेता संजय कुमार का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर मिष्ठान वितरित किया गया।इन विद्यार्थियों के हाथरस लौटने पर शनिवार को आरपीएम पब्लिक स्कूल में जोरदार स्वागत किया गया। विद्यालय के डायरेक्टर अविन शर्मा ने इस मौके पर घोषणा की कि प्रतियोगिता में गोल्ड पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थी संजय कुमार को विद्यालय में निशुल्क शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की इस छात्र को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कराने का खर्च भी विद्यालय प्रशासन वहन करेगा। इससे इस विद्यार्थी को राष्ट्रीय स्तर पर भी विजयी बनाया जा सके। उन्होंने इस कामयाबी के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार शर्मा, क्रीड़ा अधिकारी मनोज कुमार और खेल शिक्षक बीके गौतम, ममता ठेनुआं एवं विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की। इस मौके पर विद्यालय का अन्य शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद था। प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल करने वाले विद्यार्थी कुलदीप सिंह और अभिषेक शर्मा को भी इस कामयाबी के लिए बधाई दी गई। हर्ष व्यक्त करने वालों में उप प्रधानाचार्य आरके वर्मा, चंद्रकांत शर्मा, अनिल तौमर, जितेंद्र जाखड़, सुरेंद्र शर्मा, रिंकी शर्मा, रेनू ठेनुआं, योगेंद्र दीक्षित, मीना दीक्षित, शीलेंद्र दीक्षित, योगेंद्र सेंगर, अनिल कुशवाहा, सुनील पाली, गीतेश शर्मा आदि प्रमुख थे।