हाथरस। महंगाई के दौर में त्योहार पर अब लोगों को अपने आशियाने सजाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोग अपने आशियानों को जरूरत के हिसाब से रंगवा रहे हैं तो किसी ने अगली साल रंगाई कराने का निर्णय लिया है। घर में रंगाई-पुताई नहीं कराने का कारण महंगाई ही है। बाजार में विभिन्न क्वालिटी में मौजूद पेंट्स की कीमतों ने जेब ढीली कर दी है। एक साल में ही पेंट्स की कीमतों में 8 से 10 प्रतिशत तक का इजाफा हो गया है। ऐसे में लोग हाथ खींचकर पेंट्स की खरीदारी कर रहे हैं। दीवाली का पर्व 23 अक्तूबर को मनाया जाएगा। सिर्फ 15 दिन शेष हैं, लेकिन रंग-रोगन की बढ़ी हुई कीमतों से दुकानों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। काफी कम संख्या में लोग रंग रोगन की खरीदारी कर रहे हैं। इससे दुकानदारों में भी मायूसी बनी हुई है तो वहीं गरीब तबके के लोगों के लिए तो घरों को रंग से रंगना महज एक सपना बनकर रह गया है। वह सिर्फ घरों की साफ-सफाई करने में जुट गए हैं।