हाथरस। रैगिंग को लेकर दो युवकों की हत्या के मामले में अभी तक मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है। अब पुलिस कोर्ट से कुर्की चस्पा का आदेश प्राप्त करने की तैयारी कर रही है। वहीं, अब सादाबाद विधायक देवेंद्र अग्रवाल मंगलवार को मृतकों के घर गए और उन्हें सांत्वना प्रदान की। इस मौके पर जिला अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को लेकर उन्होंने डीएम से बात कर कार्रवाई की मांग की। एमजी पॉलीटेक्निक में रैगिंग की घटना का विरोध करने पर दो युवकों की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी अभिषेक एक सप्ताह बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। लगातार दबिशें दी जा रही हैं] लेकिन अभी तक पुलिस उसे नहीं पकड़ सकी है। दबिशों के साथ-साथ अब पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 82 का आदेश प्राप्त करने के लिए प्रार्थना पत्र भी तैयार कर लिया है। न्यायालय से हत्यारोपी के खिलाफ पुलिस कुर्की चस्पा की कार्रवाई की गुहार करेगी। इधर, राजनेताओं का तांता मृतकों के घर लगा हुआ है। अब सपा विधायक देवेंद्र अग्रवाल और अन्य सपा नेता दिल्ली वाला मोहल्ला में अंशुल और गली बख्तावर में केशव के घर गए। इन दोनों मृतकों के परिजनों को उन्होंने ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। दिल्ली वाला मोहल्ला में लोगों ने उन्हें बताया कि घायल युवकों के इलाज में जिला अस्पताल में काफी लापरवाही बरती गई और पर्याप्त उपचार नहीं कर इन्हें रेफर कर दिया गया। इस पर विधायक ने डीएम से बात की। विधायक के अनुसार डीएम ने उन्हें शिकायती पत्र दिलवाने को कहा है, जिससे इसकी जांच कराई जा सके। विधायक ने पुलिस अधिकारियों से मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भी बात की।