हाथरस। प्रवेश फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया पूर्ण होने केे बाद अब शहर के डिग्री कॉलेजों में कट ऑफ मेरिट जारी होना शुरू हो गई है। सोमवार को सरस्वती डिग्री कॉलेज में बीएससी बायो और मैथ की कट ऑफ मेरिट जारी कर दी गई। लिस्ट को देखने के लिए कॉलेज में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की भीड़ उमड़ पड़ी। कॉलेज में बीएससी में दाखिले के लिए 210 सीटों के लिए करीब 700 से अधिक फॉर्म जमा हुए थे। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश ने बताया कि मेरिट सूची में स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं का एडमिशन कॉलेज में शीघ्र किया जाएगा। उधर, पीसी बागला डिग्री कॉलेज में भी बीएससी मैथ की कट ऑफ मेरिट शनिवार की शाम को जारी कर दी गई। इस सूची को देखने के लिए सोमवार को कॉलेज में छात्र-छात्राओं की काफी भीड़ रही। कॉलेज में बीएससी बायो की कट ऑफ मेरिट एक अगस्त को ही जारी कर दी गई थी। पीसी बागला कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. एके बंसल ने बताया कि एक-दो दिन में कॉलेज में बीकॉम की कट ऑफ मेरिट भी जारी कर दी जाएगी।