हाथरस। बीयर कंपनियों के लिए जायद की फसल बाजरा से बीयर बनाना काफी फायदे का सौदा हो गया है। यही कारण है कि आधा दर्जन बीयर निर्माता कंपनियों द्वारा कृषि उत्पादन मंडी समिति से बाजरा की जोरदार खरीद की जा रही है, जिससे मंडी में बाजरा लेकर आने वाले किसानों को उनकी फसल का अच्छा भाव मिल रहा है। किसानों के चेहरे पर खुशी छाई हुई है। अब तक खरीफ की फसल में पैदा होने वाले बाजरे का प्रयोग आम आदमी के खाने में होता था, लेकिन अब नई तकनीकी के इस दौर में बाजरा की फसल भी काफी व्यवसायिक हो गई है। जायद की फसल में भी अब बडे़ पैमाने पर बाजरे की पैदावार होने लगी है। अब तक जौ से बीयर बनाने का काम करने वाली कंपनियों को बाजरा से बीयर बनाना और अधिक लाभदायक हो गया है। वहीं किसानों को एक अतिरिक्त फसल मिल रही है और बीयर कंपनियों को बीयर बनाने के लिए भी जौ से भी कम रेट पर बाजरा आसानी से उपलब्ध हो रहा है। किसानों द्वारा जायद की फसल में होने वाले बाजरा को बीयर बनाने के लिए खरीदा जा रहा है। इस समय बाजरा की अधिक से अधिक खरीद करने की होड़ लगी हुई है। कृषि उत्पादन मंडी समिति हाथरस में भी जायद के बाजरा की खरीद के लिए करीब आधा दर्जन कंपनी बाजार में आ गई है, जिससे मौजूदा समय में जायद का बाजरा पैदा करने वाले किसानों को 1,100 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास के अच्छे भाव प्राप्त हो रहे हैं।