हाथरस। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर देश का संविधान लागू हुआ था। गणतंत्र दिवस को देशभर में देशवासी पवित्र त्योहार के रूप में मनाते हैं। इस दिन हर विभाग और कार्यालय में झंडारोहण भी होता है। स्कूल-कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं, लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि गणतंत्र दिवस समारोह को आयोजित करने के लिए शासन स्तर से कोई धनराशि आवंटित नहीं होती। इस बात का खुलासा आरटीआई एक्टिविस्ट गौरव अग्रवाल एडवोकेट की जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई सूचना में हुआ है। गौरव अग्रवाल ने इस संबंध में 4 बिंदुओं पर डीएम कार्यालय से गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के लिए कितनी धनराशि आवंटित होती है, इसकी सूचना मांगी थी। 20 मई को प्रभारी अधिकारी नजारत एनपी पांडेय ने सूचना उपलब्ध करा दी है। सूचना में बताया गया है कि 26 जनवरी 2014 गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के लिए शासन स्तर से कोई धनराशि आवंटित नहीं की गई है। गणतंत्र दिवस समारोह के लिए शासन स्तर से कोई धनराशि आवंटित नहीं होने पर एडीएम की स्वीकृति पर कार्यालय व्यय मद से आवंटित बजट से किया गया था।