हाथरस। बुखार से इस समय हाहाकार मचा हुआ है। इसके अलावा नर्सिंगहोमों और सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त उपचार न होने की वजह से भी रोगियों का उपचार नहीं हो रहा और वह मौत की नींद सो रहे हैं। शनिवार को भी चार साल के एक मासूम की बुखार की वजह से मौत हो गई। इससे पहले उसके परिजन उसे एक नर्सिंगहोम भागे और जिला अस्पताल, लेकिन वहां उसका पर्याप्त उपचार नहीं हुआ। इन लोगों ने गलत उपचार का भी आरोप लगाया। बच्चे की मौत पर उसके शव को लेकर अपने घर चले गए। स्थानीय लाला का नगला निवासी संजय कुमार के चार साल के बेटे शुभम की हालत कई दिनों से बुखार की वजह से खराब थी। उसे उसके परिजन जिला बागला अस्पताल लेकर आए, लेकिन वहां उसका पर्याप्त उपचार नहीं किया गया। कुछ दवाएं देकर उसे वहां से लौटा दिया। सुभम की हालत नहीं सुधरी तो उसे शहर के एक नर्सिंगहोम में ले जाया गया। वहां उसे कुछ देर के लिए भर्ती किया गया। आरोप है कि उससे और पैसे मांगे गए। उसकी हालत फिर भी ठीक नहीं हुई और बिगड़ गई। वहां भी उसे इंजेक्शन लगाया गया। हालत बिगड़ने पर उसके परिजन उसे जिला अस्पताल फिर लेकर आए, लेकिन वहां मौत हो गई। उसके बाद परिजन शव को लेकर वहां से रोते हुए चले गए। इस मामले में सीएमओ डॉ. आरपी सिंह का कहना है कि यदि इस मामले में उनके पास शिकायत आएगी तो वह सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे।