हाथरस। जनपद की विद्युत व्यवस्था पटरी पर लौटती नहीं दिख रही। अभी भी रात और दिन में अघोषित विद्युत कटौती का दौर लगातार जारी है। इससे उद्यमियों और आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अफसराें का ध्यान भी सिर्फ वसूली में लगा हुआ है, जिससे जिले की विद्युत आपूर्ति में कोई सुधार नहीं हो पा रहा है। कासिमपुर पावर हाउस से चल रही जिले की बिजली की दशा सुधरने का नाम नहीं ले रही। शहर में रात के समय करीब दो घंटे की कटौती की जा रही है। इसी तरह दिन में भी 3 से 4 घंटो के लिए बत्ती गुल हो रही है, जिससे लोग लगातार विद्युत संकट से जूझ रहे हैं। एक तरफ कटौती और दूसरी तरफ वोल्टेज पूरे न मिल पाने के कारण जहां फैक्ट्रियों और कारखानों में काम ठप होकर रह गया है। वहीं लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो गई है। रात में बिजली गुल होते ही मच्छरों का आतंक शुरू हो जाता है, जिससे लोग चैन की नींद नहीं ले पा रहे। बिजली न होने पर धड़ाधड़ चल रहे जेनरेटरों से ध्वनि और वायु प्रदूषण को बढ़ावा मिल रहा है। वहीं लोगों को आर्थिक नुकसान भी सहना पड़ रहा है। शहर के लोहर बाजार, नयागंज और मोती बाजार में विद्युत विभाग की टीम ने जेई विनोद तोमर के नेतृत्व में अभियान चलाया। अभियान के दौरान 76 हजार के बकाएदार 8 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए। अभियान के दौरान गली हनुमान में एक युवक ने हंगामा करने की कोशिश की, लेकिन उसे समझा-बुझाकर शांत कर दिया गया। छापामार कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा रहा।