हाथरस। बीएड सत्र 2013-14 की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर जिले के कई कॉलेजों की मनमानी से सैकड़ों अनूसूचित जाति के अभ्यर्थी इन दिनों अधिकारियाें के कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हो रहे हैं, लेकिन सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिल पा रहा है। गुरुवार को काउंसलिंग से शून्य बैलेंस पर सीपीएस कॉलेज मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन द्वारा फीस मांगे जाने और प्रवेश न लेने की शिकायत को लेकर बीएड अभ्यर्थी समाज कल्याण अधिकारी से मिले। बीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन उन्हें शून्य बैलेंस पर प्रवेश नहीं दे रहा है, जबकि संयुक्त प्रवेश परीक्षा दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर से परीक्षा पास करने के बाद यह कॉलेज शून्स बैंलेस पर आवंटित हुआ था। अभ्यर्थियों ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्राचार्य ने अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों का प्रवेश न करने की बात कही है। उन्होेंने यह भी कहा कि अगर प्रवेश लेना है तो पूरी फीस जमा करनी होगी, अन्यथा की स्थिति में प्रवेश रद करके विश्वविद्यालय को सूचित कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों ने समाज कल्याण अधिकारी से कॉलेज में प्रवेश दिलाए जाने की गुहार लगाई है। समाज कल्याण अधिकारी महिमा मिश्रा ने कॉलेज प्रशासन के नाम प्रवेश की संस्तुति से संबंधित एक पत्र अभ्यर्थियों को थमा दिया है।