हाथरस। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों से बेसिक शिक्षा विभाग में नौकरी करने वाले तीन शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया है। इन तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए थाना हाथरस गेट पुलिस को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तहरीर भेजी है। बेसिक शिक्षा विभाग में फर्जी शिक्षकों की भर्ती का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गत दिवस बेसिक शिक्षा विभाग ने कई शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराया था। इसमें सहपऊ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय भूत नगरिया में तैनात सहायक अध्यापक राजबिहारी, प्राथमिक विद्यालय बांसदत्ता में तैनात सहायक अध्यापक प्रदीप कुमार एवं प्राथमिक विद्यालय खेरिया में तैनात सहायक अध्यापक रानू कुमार फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर नौकरी करते पाए गए। ये तीनों विशिष्ट बीटीसी 2008 सामान्य चयन के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग में 27 दिसंबर, 2010 को शिक्षक के रूप में नियुक्ति हुए थे। तीनों ही शिक्षक एटा के गांव जिन्हैरा, थाना मिरहची के मूल निवासी है। तीनों ने ही अपने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के फर्जी प्रमाण पत्र बनवाकर हाथरस में बेसिक शिक्षा विभाग में नौकरी हासिल की थी। विभाग से तीनों वेतन भी पा रहे हैं। अब बीएसए ने इन तीनों शिक्षकों को बर्खास्त करने के साथ-साथ इनसे वेतन की वसूली एवं एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उक्त कार्रवाई से डीएम और परिषद को भी अवगत करा दिया है।