दरियापुर में मरीजों की जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
- फोटो : Samvad
बुखार फैलने की सूचना पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव दरियापुर और नगला पोपा में शिविर लगाया। टीम को गांव दरियापुर में 35 और नगला पोपा में 40 बुखार पीड़ित मिले। दोनों गांवों में कुल 38 लोगों की डेंगू और मलेरिया की जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।
गांव दरियापुर में आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर मरीजों को शिविर के बारे में जानकारी दी। टीम ने 40 घरों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया और फॉगिंग कराई। गांव में 35 लोग बुखार पीड़ित मिले। 12 मरीजों की डेंगू और 12 मरीजों की मलेरिया की जांच के लिए स्लाइड बनाई गई। सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव निकली। टीम ने ग्रामीणों को डेंगू एवं मलेरिया से बचाव के उपाय बताए।
टीम में डाॅ.नीतू सिंह, डाॅ.अलका सेंगर, प्रयोगशाला सहायक कैलाशचंद्र, आकाश कौशिक एवं असलम मौजूद रहे। इधर, बीमारी फैलने के बावजूद गांव के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर ताला लटका रहा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी नजर आई।
गांव नगला पोपा में बुखार से दो लोगों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को यहां भी शिविर लगाया। गांव 40 बुखार पीड़ित मिले। सभी की जांच की गई। तेज बुखार वाले मरीजों की डेंगू एवं मलेरिया की जांच की गई। डेंगू की सात एवं मलेरिया की सात स्लाइड बनाई गईं। सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव मिली। इस मौके पर डाॅ.पावस कुशवाहा और उनकी टीम मौजूद रही।