हाथरस के देहात के इलाकों में बिजली चोरी का ग्राफ बढ़ा है। देहात में करीब 60 प्रतिशत बिजली की चोरी हो रही है। वर्ष 2023 में 2595 लोगाें के खिलाफ बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज हुए हैं। चोरी पर पूरी तरह अंकुश न लगने के कारण विभाग को हर माह लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि जिले में 65 बिजलीघरों से दो लाख साठ हजार उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जाती है। शहर व कस्बों में बिजली चोरी की बात करें तो 28 से 30 प्रतिशत है। वहीं देहात के इलाकों की बात करें तो 60 प्रतिशत बिजली की चोरी हो रही है। वर्ष 2020 में जिले में बिजली थाना खुला। थाना खुलने के बाद से अब तक 19 हजार लोगों के यहां अब तक बिजली चोरी पकड़ी गई है। वर्ष 2022 में 4758 लोगों के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई। वर्ष 2023 में 2595 लोगों के यहां चोरी पकड़ी गई।
इनमें सबसे ज्यादा मामले ग्रामीण क्षेत्र के थे। 19000 हजार में से अब तक 4500 मुकदमों में आरोपपत्र और फाइनल रिपोर्ट लगाई जा चुकी है। स्टाफ की कमी से कम मुकदमों में आरोपपत्र और फाइनल रिपोर्ट लग सकी है। बिजली थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि जब से थाना खुला है। अब तक 19 हजार के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई है। सबसे ज्यादा बिजली चोरी के मामले देहात में हैं। इस साल 2595 लोगों के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई है।