संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
सासनी के बाद जिले के अन्य ग्रामीण इलाकों में भी लंपी रोग ने पशुओं को गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है। इससे निपटने के लिए पशुपालन विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर मवेशियों का टीकाकरण कर रही हैं। अब तक 57100 मवेशियों को टीका लग चुका है। विभाग पशुपालकों को इस बीमारी से बचाव के लिए जागरूक भी कर रहा है।
तहसील सासनी क्षेत्र के गांव जिरौली में सबसे पहले लंपी रोग पशुओं में फैलना शुरू हुआ था। पशुपालन विभाग की ओर से इस रोग से निजात देने के लिए इन पशुओं को एकांतवास में रखा गया, जिससे अन्य पशुओं में यह रोग न फैल सके। पशुपालन विभाग की ओर से टीकाकरण अभियान भी शुरू किया गया है।
हालांकि पहले चरण में जिले की गोशालाओं में मवेशियों का टीकाकरण किया गया है। सर्विलांस टीम के जरिये गांव-गांव पशुपालकों को इस रोग से बचाव व लक्षण के बारे में जागरूक किया गया। अब यह रोग जिले के अन्य इलाकों में भी पांव पसार रहा है। इसे लेकर विभागीय अधिकारी भी चिंतित हैं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि इस रोग से ग्रस्त पशुओं को अन्य पशुओं से अलग आइसोलेट किया जा रहा है। अन्य जनपदों से पशुओं के अपने जिले में आने पर रोक लगा दी गई है।