जिले में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए 500 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा के लिए 12 स्टेटिक व 12 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। 12 केंद्रों पर 23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त को यह परीक्षा प्रस्तावित है।
जिले में 17 व 18 फरवरी को पुलिस भर्ती परीक्षा हुई थी। पेपर लीक होने से यह परीक्षा रद्द हो गई थी। हाल ही में सरकार ने इस परीक्षा को दोबारा कराने का एलान किया था। तभी से अभ्यर्थियों को परीक्षा की तिथि का इंतजार था। परीक्षा की तिथियों की घोषणा कर दी गई हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार परीक्षा के लिए जिले में 12 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों पर 3984 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराने की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। पुलिस के आला अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने बताया है कि परीक्षा केंद्र बने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को केंद्र व्यवस्थापक के तौर पर लगाया गया है। प्रयास रहेगा कि हर हाल में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हो।