हाथरस। आरक्षण में प्रमोशन का लाभ पाने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के 27 शिक्षकों की भी बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पदावनति कर दी। कुछ की वरिष्ठता क्रम को भी संशोधित कर दिया गया है।प्रमोशन में आरक्षण का लाभ पाने वाले जिले में करीब 27 शिक्षकों को पदावनत कर दिया गया है, जिसमें से 11 शिक्षकों को तो उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक के स्थान पर उसी विद्यालय में पदावनति के बाद सहायक अध्यापक बना दिया गया है, जबकि 16 शिक्षक ऐसे हैं, जिनकी प्रमोशन के बाद वरिष्ठता में अंतर आने पर उनकी वरिष्ठता संशोधित कर दी गई है, लेकिन इन सभी शिक्षकों की तैनाती उनके मूल विद्यालय में उसी पद पर रखी गई हैं, जिससे अब वह सामान्य शिक्षकों के साथ-साथ ही अगला प्रमोशन पाने के हकदार होंगे। न्यायालय से पदोन्नति में आरक्षण खत्म होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने करीब 100 ऐसे शिक्षकों को चिन्हित किया था, जिनका प्रमोशन कोटे से हुआ था। इन सभी को विभाग ने नोटिस जारी कर इनकी पदावनति करने के बारे में जानकारी दी थी और इस पर प्रत्यावेदन भी मांगे थे। प्रत्यावेदनों पर विचार करने के बाद बीएसए ने यह निर्णय लिया है।
शासन के निर्देश पर यह पदावनति की कार्यवाही की गई है। यह सभी शिक्षक प्रमोशन में आरक्षण का लाभ पाने वाले थे।-देवेंद्र कुमार गुप्ता, बीएसए हाथरस