कस्बा व क्षेत्र में जानलेवा बुखार का प्रकोप थम नहीं रहा है। सोमवार को फिर से एक मासूम की मौत बुखार से हो गई। मौत के बाद परिजनों में हाहाकार मचा रहा। करुण क्रंदन से माहौल भी गमगीन हो गया। हसायन के मोहल्ला शीशग्रान निवासी पूजा पुत्री संतोष कुमार को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने उसका कस्बे के ही एक चिकित्सक के पास उपचार भी करवाया। लेकिन पूजा को बुखार से राहत नहीं मिली। सोमवार को उसकी तबियत अधिक खराब हो गई। परिजन उसे स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, जहां चिकित्सकों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया।