ट्रक पलटने से उसके नीचे दबकर घायल चालक रवि कुमार। संवाद
- फोटो : Samvad
कस्बा के मां भद्रकाली मंदिर के पास 20 टायरा ट्रक रोड़ी खाली करते समय असंतुलित होकर पलट गया। ट्रक को पलटते देख चालक खुद को बचाने के लिए केबिन से कूद गया और ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया।
बृहस्पतिवार को राजस्थान के जिला धौलपुर थाना दौली गांव दौली किशाला निवासी चालक रवि कुमार और इसी गांव के निवासी क्लीनर सुरेश धौलपुर से नाला निर्माण के लिए ट्रक में रोड़ी भरकर लाए थे। दोपहर करीब 12 बजे वह दोनों नाले के पास अपने ट्रक से प्रेशर के माध्यम से रोड़ी खाली कर रहे थे। अचानक ट्रक असंतुलित होने लगा।
जब केबिन में बैठे चालक ने ट्रक को एक तरफ पलटते देखा तो उसने केबिन से कूदकर खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन बाहर गिरते ही वह पलटते ट्रक के नीचे आ गया और बुरी तरह घायल हो गया। नाला निर्माण कर रहे मजदूरों ने उसे बमुश्किल से ट्रक के नीचे से निकाला। एंबुलेंस ने उसे लाकर सीएचसी इलाज के लिए भर्ती कराया गया। घायल के परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। जांघ की हड्डी टूटने की वजह से घायल को आगरा रेफर कर दिया गया। संवाद