ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। वीरांगना वाहिनी व हिंदू जागरण मंच के बैनर तले जलेसर रोड पर महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि वीरांगना वाहिनी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विद्योतमा सिंह ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में और हिंदू समाज के संगठन के कार्य में महिलाओं को भी बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। राष्ट्र विरोधी शक्तियों को परास्त करने के लिए महिलाओं को भी समाज में अपनी भूमिका निभानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल घरों के अंदर तक सीमित न रहें। हिंदू जागरण मंच के प्रदेश महामंत्री अविनाश राना ने कहा कि लव जेहाद जैसी घटनाओं से हिंदू युवतियों को बचाने के लिए वीरांगना वाहिनी की महिलाओं को जन जागरण अभियान चलाकर महिलाओं और युवतियों को जागरूक करना चाहिए जिससे लव जेहाद जैसी घटनाओं पर विराम लग सके। मंच के प्रदेश मंत्री अभिषेक रंजन आर्य ने कहा कि समाज के अंदर पुरुषों और महिलाओं की आबादी लगभग बराबर है, लेकिन सामाजिक कार्यों में महिलाओं की भागेदारी न के बराबर है। डॉ. विद्योतमा सिंह ने विभाग संयोजिका पद पर सुनीता वर्मा व वाहिनी की जिलाध्यक्ष पद पर आशा ठाकुर व जिला उपाध्यक्ष पद पर सरिता सिंह बघेल को मनोनीत किया। सम्मेलन में दुर्गेश वार्ष्णेय, मीना शर्मा, रेनू कश्यप, बबली, मनोज शर्मा, गीता सिंह, पुष्पा, बेबी, ऊषा देवी, सीमा वर्मा, मनोज उपाध्याय, जितेंद्र वार्ष्णेय, जितेंद्र वार्ष्णेय, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।