हाथरस। जिलेभर में शुक्रवार को भी बकाएदारों के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। बिजली विभाग की पांच टीमों ने शहरभर में छापेमारी की। अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता और एसडीओ भी बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई में जुटे रहे।शहर के रमनपुर, जोगिया, बालापट्टी, रामनगर, नयागंज, वाटरवर्क्स कॉलोनी, मोती बाजार, नवींपुर, आगरा रोड सहित अन्य कई स्थानों पर चलाए गए अभियान में एसई राकेश वर्मा,एक्सईएन गुलाब सिंह व अन्य अधिकारियों ने 31.32 लाख रुपये के बकाएदार 114 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। चार उपभोक्ताओं से 24 हजार रुपये का शमन वसूला गया। 2 के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। 7.5 लाख रुपये की वसूली की गई। इसके अलावा गांव तिपरस, खेरिया, महमूदपुर ब्राहमणान में भी अभियान चलाकर 55 लोगों की बिजली गुल कर दी गई। करीब डेढ़ लाख्,ा रुपये की वसूली की गई। एसडीओ कायम सिंह निगम ने बताया कि हाथरस जंक्शन क्षेत्र में 47.27 लाख के 124 बकाएदारों की बिजली गुल कर दी गई। 1.5 लाख की वसूली की गई। 7 मीटर बदले गए और 5 के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। इस कार्रवाई से बकाएदारों में हड़कंप मचा रहा। लाखों के बकाए के कारण गांव बंपडई, तिलौठी, भोजगढ़ी और नगला मोहन की बिजली भी गुल कर दी गई।