सेना में भर्ती कराने के नाम पर तीन ठगों ने युवक से 10 लाख 50 हजार रुपये ऐंठ लिए और उसे फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया। नियुक्ति पत्र में दिए गए पते पर पहुंचने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पीड़ित ने एसपी से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।
गांव गिनौली किशनपुर निवासी आकाश कुमार पुत्र जहान सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 में उसके रिश्तेदार शिवम सिंह पुत्र सूरज सिंह निवासी ककहरा हापुड़, विकास सिसोदिया पुत्र मुकेश कुमार सिसोदिया निवासी ककराना, शनी राना पुत्र लोकेश राणा निवासी ककराना ने सेना में भर्ती के लिये आवेदन किया था। आरोप है कि अलीगढ़ में थाना बरला के फजलपुर निवासी नीतेश कुमार और गांव नगरिया बरला निवासी राजेश उसके पिता के पास पहुंचे।
दोनों आरोपियों ने सेना में भर्ती कराए जाने का दावा करते हुए झासें में ले लिया। दोनों ने उसके पिता को विवेक उर्फ दलवीर से मिलवाया और सेना में भर्ती कराने के नाम पर दो माह में कई बैंक खातों में आठ लाख रुपये जमा करा लिए। दो लाख 50 हजार रुपये दस्तावेज बनवाने के नाम पर खर्च करवा लिए। इसके बाद आकाश को सेना के कई केंद्रों पर ले जाते रहे। तीनों आरोपियों ने उसे नियुक्ति पत्र भी दे दिया। जब वह नियुक्ति पत्र पर दिए गए पते पर पहुंचा तो उसे फर्जीवाड़े का पता चला। आकाश ने आरोपियों से रकम वापस मांगी तो उन्होंने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपी नीतेश कुमार, राजेश और विवेक पर मुकदमा दर्ज कराया है।