हर्ष फायरिंग में गोली लगने से युवक घायल
- लोनार थाने के भुड़िया गांव में तिलक के दौरान हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बावन। तिलक समारोह के दौरान दूल्हे के चचेरे भाई ने तमंचे से हर्ष फायरिंग की। इसमें एक युवक को गोली लगने से वह घायल हो गया।
लोनार थाने के भुड़िया गांव निवासी श्यामवीर सिंह के यहां रविवार को तिलक समारोह था। कार्यक्रम में सभी नाते-रिश्तेदार शामिल थे। लोगों के मुताबिक तिलक चढ़ने के दौरान दूल्हे के चचेरे भाई नितेश ने तमंचे से हर्ष फायरिंग की। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल होने आए बेहटा गोकुल निवासी आशीष सिंह को गोली लग गई। यह देख खुशियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर गांव पहुंचे इंस्पेक्टर (रिजर्व) इफ्तिखार हुसैन ने गोली लगने से घायल आशीष सिंह को बावन सीएचसी भिजवाया। जहां से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया।
उधर हर्ष फायरिंग करने वाला नितेश घर से फरार हो गया है। सीओ हरपालपुर सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आशीष के निजी अंग में गोली लगी है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार जानलेवा हमला करने के आरोप के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।