हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के सिमौर गांव में सड़क किनारे खाई में बेहोशी की हालत में मिले युवक की उपचार के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोटें होने के कारण मौत होने की बात सामने आई है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के सिमौर गांव निवासी राजीव गुप्ता (30) पिहानी कस्बे में कबाड़ खरीदने बेचने का काम करता था। मंगलवार की शाम लगभग छह बजे राजीव सिमौर गांव के बाहर पश्चिम दिशा की ओर सड़क के किनारे खाई में मुंह के बल पड़े मिले थे। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे, लेकिन कोथावां के पास उसकी मौत हो गई। भाई कमलेश ने बताया कि राजीव के परिवार में पत्नी पूजा गुप्ता, ढाई माह का पुत्र और दो पुत्रियां हैं।