हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के फदुल्लापुर गांव में गंभीरी नदी पार करके अपने खेत पर जाते समय गहरे पानी में जाने से युवक डूब गया। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने युवक का शव बाहर निकलवाया।
फदुल्लापुर गांव निवासी रावेंद्र (18) शनिवार सुबह अपने खेत पर जाने के लिए गंभीरी नदी को तैरकर पार कर रहा था। उसी समय गहरे पानी में जाने से वह अचानक डूब गया। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने करीब तीन घंटे बाद गांव से 200 मीटर दूर युवक का शव बरामद किया। हादसे से मां चमेली का रो-रोकर बुरा हाल है। रावेंद्र छह भाई, दो बहनों में चौथे स्थान पर था। अभी शादी नहीं हुई थी। अरवल थानाध्यक्ष श्यामू कनौजिया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।