कछौना (हरदोई)। टेंट का सामान निकालकर ट्रॉली में भरते समय करंट लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के मतुआ निवासी आकाश गुप्ता (21) बघौली के एक टेंट हाउस में काम करते थे। शुक्रवार सुबह नौ बजे टेंट हाउस गए थे।शुक्रवार को ही प्रतापनगर रोड बघौली में स्थित टेंट हाउस पर कुछ लोग सामान लेने के लिए आए थे। उनकी ट्रॉली में सामान रखने के दौरान ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकाश आ गया।
गंभीर रूप से झुलसे आकाश को टेंट हाउस मालिक जिला अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। मृतक दो भाइयों में छोटा था।