शाहाबाद। श्री रामलीला मेला समिति पठकाना में मंगलवार रात क्षत्रपाल मिश्र क्षणिक की स्मृति में विराट कवि सम्मेलन हुआ। गीत, गजल, छंद, व्यंग्य व ओज की कविताओं पर श्रोताओं ने तालियां बजाकर कवियों का उत्साहवर्धन किया।
कवि सम्मेलन का शुभारंभ कवियत्री हेमा पांडेय की सरस्वती वंदना से हुआ। कवियत्री स्वाति ने पढ़ा कि नजरें चाहतीं हैं दीदार तुम्हारा, दिल चाहता है बस प्यार तुम्हारा पर श्रोताओं की वाहवाही लूटी। अयोध्या से आए दुर्गेश पांडेय ने साहित्य जहां की सरयू है, नदियों से मां का रिश्ता है। ओम देव अजीब ने कहा कि यह आर्यावर्त हमारा है, हम सब इसके सेनानी हैं। बरेली के कमलकांत तिवारी ने पढ़ा कि नादिरशाही सत्ता से बदले चौरासी ले लेंगे।
लखीमपुर के कवि व संचालक सुनीत वाजपेयी ने पढ़ा कि प्राण गंवाकर हमने पाई थी जो अब वह शान कहां। लखनऊ की हेमा पांडेय ने सुनाया कि महावर लगाया तुम्हारे लिए। मैगलगंज खीरी के अरविंद कुमार ने कहा तृप्ति मिलती नहीं बूंद दो बूंद से, रेत सी प्यास हूं, तुम नदी सी मिलो। सीतापुर मिश्रिख के शुभम शुक्ला ने कहा कि तुम जरूर हो मेरी मगर..., । अजीत शुक्ल ने सुनाया कि पिता से उनकी पाई-पाई बांट लेते हैं। दर-ओ-दीवार चारपाई बांट लेते हैं।
लखीमपुर खीरी के विशेष शर्मा, डॉ पुनीत मिश्र आदि ने भी कविता पाठ किया। कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि व भाजपा नेता पीके वर्मा को सम्मानित किया।