हरदोई/शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को किन्नर बनाने का मामला सामने आया है। किन्नरों के साथ बधाई मांगने वाले युवक ने किन्नर व उसके साथियों पर गुप्तांग काटकर उसे किन्नर बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने साथी किन्नरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
शाहाबाद क्षेत्र निवासी एक युवक काफी समय से क्षेत्र के किन्नरों के साथ नाच-गाने और बधाई मांगने का काम कर रहा था। शनिवार को कोतवाली में दी गई तहरीर में युवक ने बताया है कि एक माह पूर्व किन्नर हिरनी ने उसे काम देने के बहाने से घर पर बुलाया था। वहां कुछ लोग पहले से मौजूद थे। आरोप है कि हिरनी ने उसे नशीली चाय पिलाकर उसका गुप्तांग कटवा दिया। तीन दिन बाद होश आने पर उसे जानकारी हुई। किन्नर डरा-धमकाकर उसे अपने साथ नाच गाने में जबरन ले जाने लगे। धमकी दी किसी से बताया तो जान से मार देंगे। शुक्रवार को वह किसी तरह वहां से मौका पाकर भाग निकला और घर पहुंचकर परिजन को पूरी बात बताई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में विधिक कार्यवाही की जाएगी।