बघौली। बाइक से ससुराल जाने के लिए निकला युवक थोकमाधव गांव के पास जख्मी हालत में पड़ा मिला। इलाज के लिए परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई । परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
बघौली थाना क्षेत्र के अहिरी मजरा धर्मपुर निवासी प्रवेश (23) की शादी गत वर्ष 9 जून को हुई थी। उसकी ससुराल बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के सांता में है। सोमवार को वह ससुराल जाने के लिए बाइक से निकला था। रात में थोकमाधव गांव के पास प्रवेश जख्मी हालत में सड़क पर पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे 108 एंबुलेंस सेवा से मेडिकल कॉलेज भेजकर परिजनों को सूचना दी ।इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
थानाध्यक्ष ज्ञानेश दुबे का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।